22 Aug 2025, Fri
Breaking

साँचू चौकी बनेगी बॉर्डर टूरिज्म का नया केंद्र, केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने किया साँचू द्वार का लोकार्पण व पुस्तक विमोचन।

Zeeupdate rajsthan News । Dalip nokhwal

साँचू/खाजूवाला/बीकानेर।
सीमांत क्षेत्र साँचू अब जल्द ही बॉर्डर टूरिज्म के नक्शे पर एक खास पहचान बनाएगा। केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने बुधवार को घोषणा की कि बीएसएफ की साँचू चौकी को बॉर्डर टूरिज्म की दृष्टि से विकसित किया जाएगा। इसके लिए उच्चस्तरीय बैठकें पूरी हो चुकी हैं और सीमा दर्शन योजना के तहत परियोजना की डीपीआर स्वीकृत हो गई है। जल्द ही इसके लिए आवश्यक राशि भी मंजूर होगी।

वे सीमाजन कल्याण समिति द्वारा निर्मित साँचू प्रवेश द्वार के लोकार्पण और “सीमा दर्शन साँचू : एक विकास यात्रा” पुस्तक के विमोचन समारोह में बोल रहे थे।

पायलट प्रोजेक्ट के रूप में होगा विकास

मेघवाल ने कहा कि साँचू को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में विकसित किया जाएगा। इस संबंध में उनकी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से भी चर्चा हो चुकी है। उन्होंने बताया कि बीकानेर जिला और विशेषकर साँचू बॉर्डर टूरिज्म के लिए सबसे उपयुक्त स्थान है। केंद्र और राज्य सरकार इस दिशा में मिलकर कार्य कर रही हैं।

ऑपरेशन सिंदूर से राजस्थान को मिला फायदा

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिंधु जल समझौता रद्द किया, जिसके बाद पाकिस्तान जाने वाला पानी अब राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा और गुजरात में इस्तेमाल होगा। इसमें सबसे अधिक लाभ राजस्थान के खाजूवाला व सीमांत क्षेत्रों को मिलेगा। इस दिशा में सेंट्रल वॉटर कमिशन लगातार काम कर रहा है।

दुर्लभ वल्चर और फ्लोरा-फोना पार्क की संभावना

मेघवाल ने यह भी बताया कि यहां दुर्लभ प्रजातियों के वल्चर पाए जाते हैं। इस कारण इसे फ्लोरा-फोना के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी कार्य किया जाएगा। आने वाले समय में यहां देशी-विदेशी पर्यटकों की संख्या में वृद्धि की उम्मीद है।

देशभक्ति का जोश

कार्यक्रम में ऑल इंडिया एंटी टेररिस्ट फ्रंट के अध्यक्ष एम.एस. बिट्टा ने देशभक्ति और “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ सभा को संबोधित किया। इस दौरान बीएसएफ के सेवानिवृत्त आईजी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ और बीकानेर सेक्टर डीआईजी अजय लूथरा व 179 बटालियन के कमांडेंट विक्रम सिंह कुंवर, द्वितीय कमान अधिकारी बाबूलाल यादव भी मंच पर मौजूद रहे।

लोकार्पण व विमोचन

समारोह में साँचू द्वार का लोकार्पण और “सीमा दर्शन साँचू एक विकास यात्रा” पुस्तक का विमोचन एम.एस. बिट्टा, पुष्पेंद्र सिंह राठौड़, अजय लूथरा और केंद्रीय मंत्री ने संयुक्त रूप से किया।

गणमान्य लोग रहे उपस्थित
इस मौके पर रामाचार्य महाराज, भाजपा नेता रवि शेखर मेघवाल, सीमाजन कल्याण समिति के राजेश लदरेचा, गोपाल गहलोत, गुमान सिंह राजपुरोहित, चम्पा लाल गैदर, बीकानेर जिला उद्योग संघ अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया, श्यामसुंदर सोनी, नरेश मित्तल, विनोद बाफना, के.के. मेहता, विनोद गोयल, समिति अध्यक्ष धनपत राय बाफना, राजेन्द्र जोशी, मांगीलाल सुथार, भंवरलाल चांडक, किशोर सर, किशनलाल बोथरा, कालूराम परिहार, संजय गोयल, किशन मूंधड़ा, निर्मल पारख, राजाराम सारड़ा, दिलीप रंगा, बलवंत डोगरा, टीकूराम चौधरी, विनोद जोशी, विनोद शर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

शिक्षा