खाजूवाला में बढ़ती चोरी से लोगों का आक्रोश

Zeeupdate rajsthan News|Dalip nokhwal


थाने के सामने धरना-प्रदर्शन, बोले- गिरफ्तारी तक आंदोलन जारी रहेगा

खाजूवाला (दलीप नोखवाल)।
खाजूवाला मण्डी क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की वारदातों से आक्रोशित व्यापारियों और स्थानीय लोगों का सब्र गुरुवार को जवाब दे गया। गुस्साए लोग बड़ी संख्या में पुलिस थाने के बाहर धरना-प्रदर्शन पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने साफ चेतावनी दी कि जब तक चोरों की गिरफ्तारी नहीं होगी, आंदोलन अनिश्चितकाल तक जारी रहेगा।

लाखों की नकदी और जेवरात चोरी

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि बीते दिनों कस्बे में कई बड़ी चोरियां हुई हैं।

2 अगस्त 2025 को वार्ड नम्बर 5 तावनीयां कॉलोनी के दो घरों में दिनदहाड़े चोरी की वारदात हुई, जिसमें लाखों रुपए नकद और सोने-चांदी के जेवरात चोरी हो गए।

इसके बाद वार्ड नम्बर 14 के एक अन्य घर में चोरों ने करीब 5 लाख रुपये नकद, लाखों के जेवरात और घरेलू सामान उड़ा लिया।

वहीं 26 अगस्त को सरकारी अस्पताल के पास मोटर बाइंडिंग ट्यूबवेल की दुकान से करीब 5 लाख रुपये का तांबा और अन्य सामान चोरी कर लिया गया।
पीड़ित व्यापारी कृष्ण पारीक और अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस बार-बार शिकायतों और बढ़ती वारदातों के बावजूद किसी भी आरोपी को पकड़ने में नाकाम रही है। इससे कस्बे के लोगों में गहरी नाराजगी और भय का माहौल है।

हनुमान मंदिर से थाने तक रैली

गुरुवार सुबह बड़ी संख्या में व्यापारी और आमजन हनुमान मंदिर पर एकत्रित हुए। यहां से रैली निकालकर लोग मुख्य मार्गों से होते हुए पुलिस थाने पहुंचे। इस दौरान जमकर नारेबाजी हुई और लोग धरने पर बैठ गए।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस थानाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें चोरियों का खुलासा कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की गई।

चेतावनी : जरूरत पड़ी तो मण्डी करेंगे बंद

आक्रोशित व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही चोरी की वारदातों का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो खाजूवाला मण्डी को पूर्ण रूप से बंद कर दिया जाएगा।
धरने में मण्डी के व्यापारी, पीड़ित परिवार और बड़ी संख्या में कस्बेवासी मौजूद रहे।