खाजूवाला उप जिला अस्पताल में डायलिसिस मशीनों की शुरुआत

सीमांत क्षेत्रवासियों को मिली बड़ी राहत, अब बीकानेर नहीं जाना पड़ेगा

Zeeupdate rajsthan News Dalip nokhwal

खाजूवाला(दलीप नोखवाल)
सीमांत क्षेत्र के मरीजों को राहत प्रदान करने की दिशा में शनिवार को खाजूवाला उप जिला अस्पताल में डायलिसिस मशीनों की सुविधा शुरू की गई। उप जिला अस्पताल के प्रभारी डॉ. अमरचंद बुनकर ने बताया कि अस्पताल में दो डायलिसिस मशीनें लगाई गई हैं। इनका संचालन पुलिस सीओ अमरजीत चावला ने पहले मरीज रणवीर कुम्हार निवासी 7 एसएसएम, सीयासर चौगान से प्रारंभ किया।

अब स्थानीय स्तर पर ही होगी सुविधा

डॉ. बुनकर ने बताया कि अब तक खाजूवाला और आसपास के मरीजों को डायलिसिस के लिए बीकानेर सहित अन्य दूरस्थ अस्पतालों का रुख करना पड़ता था। इससे मरीजों और उनके परिजनों को समय, धन और संसाधनों की भारी परेशानी उठानी पड़ती थी। लेकिन अब स्थानीय स्तर पर ही यह सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।

स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम

अस्पताल प्रभारी ने कहा कि खाजूवाला उप जिला अस्पताल लगातार सुविधाओं के विस्तार की ओर बढ़ रहा है। डायलिसिस मशीनों का शुभारंभ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस सुविधा से न केवल खाजूवाला बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के भी मरीजों को फायदा मिलेगा।

आगे और मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

डॉ. बुनकर ने आशा व्यक्त की कि आने वाले समय में उप जिला अस्पताल में और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस अवसर पर डॉ. भीमसैन गोदारा सहित अन्य चिकित्सक व स्टाफ मौजूद रहे।