खाजूवाला:वार्ड 21 के लोगों ने तहसीलदार को दिया ज्ञापन, अस्पताल के सामने ही बने नाला

नगर पालिका द्वारा तय स्थान से हटकर नाला बनाने पर आपत्ति; बारिश में अस्पताल की दीवार को खतरा

खाजूवाला (दलीप नोखवाल)। वार्ड नंबर 21 के निवासियों ने सोमवार को राजस्व तहसीलदार को जिला कलेक्टर, बीकानेर के नाम ज्ञापन सौंपकर सरकारी उपजिला अस्पताल (SDH) के सामने स्वीकृत नाले का निर्माण घरों की ओर करवाने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि लंबे समय से उपजिला अस्पताल तथा आसपास के घरों के सामने बरसाती पानी जमा होने की गंभीर समस्या बनी हुई थी। इसी समस्या के समाधान के लिए प्रशासन द्वारा अस्पताल की दूसरी तरफ पक्के नाले का बजट स्वीकृत किया गया था, लेकिन वर्तमान में नगर पालिका द्वारा उस निर्धारित स्थान को छोड़कर अस्पताल की दीवार के पास नाले का निर्माण कराया जा रहा है, जिसे वार्डवासी पूरी तरह गलत मान रहे हैं।

फाइल फोटो

वार्डवासियों ने कहा कि यदि नाला अस्पताल की दीवार के पास बनाया गया तो बरसाती पानी की समस्या जस की तस बनी रहेगी और मुख्य सड़क का पानी लगातार अस्पताल परिसर में प्रवेश करता रहेगा। इससे सरकारी भवन को नुकसान पहुंचने का खतरा बना रहेगा, जबकि यहां प्रतिदिन हजारों मरीज इलाज के लिए आते हैं।
ज्ञापन में मांग की गई कि स्वीकृत बजट के अनुसार नाले का निर्माण उपजिला अस्पताल की दीवार के पास न कराकर घरों की तरफ ही कराया जाए, ताकि इस नाले से सैकड़ों घरों को सीधा लाभ मिल सके और जलभराव की समस्या स्थायी रूप से समाप्त हो।
इस दौरान ज्ञापन देने वालों में जगसीर सिंह रामगढ़िया, मंगल सिंह, गणेश राजपुरोहित, राकेश कुमार जांगिड़, संदीप कुमार सहित कई स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।