खाजूवाला कॉलेज में ‘नशा मुक्त भारत’ पर कार्यशाला, युवाओं को नशे से दूर रहने का दिया संदेश

नई किरण नशा मुक्ति अभियान व एनएसएस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजन, विद्यार्थियों ने भी साझा किए अपने विचार।

खाजूवाला.(दलीप नोखवाल) राजकीय महाविद्यालय खाजूवाला में शुक्रवार को नई किरण नशा मुक्ति अभियान और एनएसएस के संयुक्त तत्वावधान में ‘नशा मुक्त भारत’ विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।


कार्यक्रम के मुख्य वक्ता नगरपालिका खाजूवाला के अधिशासी अधिकारी सोहनलाल नायक ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। युवाओं को नशे से दूर रहकर अपने जीवन के लक्ष्यों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य फतेहचंद चौहान ने कहा कि नशा मुक्ति जैसे अभियान आज के समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता हैं। शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों को अपनाकर ही एक स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।


कार्यक्रम का संचालन एनएसएस प्रभारी प्रो. सुनीता कुमारी ने किया। इस दौरान प्रो. सुमन रानी, प्रो. अम्बिका, नितीश जिंदल और रामकिशन दुसाद सहित अन्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में अधिशासी अधिकारी सोहनलाल नायक को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया तथा प्राचार्य ने धन्यवाद ज्ञापित किया। विद्यार्थियों ने भी नशा मुक्ति को लेकर अपने विचार साझा किए और नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने का संकल्प लिया।