11 Jun 2025, Wed
Breaking

ईद-उल-अजहा पर शांति और सौहार्द बनाए रखने को लेकर सीएलजी बैठक आयोजित

सोशल मीडिया पर संयम बरतने की अपील।

Zeeupdate rajsthan|Dalip nokhwal

खाजूवाला, पुलिस थाना परिसर में शुक्रवार शाम को थानाधिकारी सुरेंद्र प्रजापत की अध्यक्षता में सीएलजी बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में ईद-उल-अजहा (बकरीद) के त्यौहार को लेकर क्षेत्र में कानून व्यवस्था, शांति बनाए रखने, यातायात प्रबंधन और सोशल मीडिया की जिम्मेदारी पर गंभीरता से चर्चा की गई।
थानाधिकारी सुरेंद्र प्रजापत ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि त्यौहार आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक होते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि बकरीद का पर्व शांति, सौहार्द और आपसी सहयोग से मनाएं तथा क्षेत्र की परंपरागत शांति और भाईचारे की मिसाल कायम रखें।
उन्होंने विशेष रूप से सोशल मीडिया की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि इस मंच का इस्तेमाल सकारात्मकता फैलाने के लिए होना चाहिए। कोई भी भ्रामक जानकारी, अफवाह, या आपत्तिजनक टिप्पणी करने से बचें। यदि किसी को किसी भी तरह की अफवाह या विवादित सामग्री की जानकारी मिलती है तो उसकी पुष्टि किए बिना उसे आगे साझा न करें और तुरंत पुलिस को सूचित करें। क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी भी तत्काल पुलिस के साथ साझा करने की अपील की गई।
बैठक में महिला सुरक्षा और सहायता केंद्र की काउंसलर मूर्ति वर्मा, सुरक्षा सखी चंद्रकला बिश्नोई, मुशे खां दईया, मोहनलाल सिहाग, नारायण गाट, नारायण गहलोत, सुभाष चंद्र चमड़िया सहित अनेक गणमान्य नागरिकों और महिलाओं ने भाग लिया।
सभी ने एकमत से बकरीद का पर्व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का संकल्प लिया और पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने की बात कही।

शिक्षा