विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने किया बैडमिंटन हॉल का उद्घाटन

स्टेडियम में 5 लाख के कार्यों का लोकार्पण, 30 लाख की नई घोषणाएं

खाजूवाला (दलीप नोखवाल) डॉ विश्वनाथ मेघवाल ने खाजूवाला क्षेत्र में दौरे के दौरान स्थानीय खेल स्टेडियम में आधुनिक तकनीक से निर्मित बैडमिंटन हॉल का उद्घाटन कर उसे क्षेत्र के खिलाड़ियों को समर्पित किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। विधायक ने स्टेडियम में 5 लाख रुपये की लागत से हुए विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि खाजूवाला के युवाओं को खेलों में आगे बढ़ाने के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त बैडमिंटन हॉल खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास का अवसर देगा और वे जिला व राज्य स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन कर सकेंगे।

खेल सुविधाओं के विस्तार की घोषणा

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने स्टेडियम में 30 लाख रुपये के अतिरिक्त विकास कार्य करवाने की घोषणा की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में खेल स्टेडियम में और भी संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि ग्रामीण प्रतिभाओं को बड़े मंच तक पहुंचने का अवसर मिल सके।

युवाओं का बढ़ाया हौसला

डॉ. मेघवाल ने खिलाड़ियों से संवाद करते हुए कहा कि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है और खाजूवाला क्षेत्र को खेल हब के रूप में विकसित करने के प्रयास किए जाएंगे।

गणमान्य जन रहे मौजूद

इस अवसर पर एडिशनल एसपी अमरजीत चावला, मक्खन सिंह राठौड़, भूपेंद्र सिंह, याकूब अली, राकेश अरोड़ा, राकेश सहोत्रा, हरदेव चंदी, कैलाश मेघवाल, प्रशांत सिहाग, प्रह्लाद तिवाड़ी, बाबू भाई कठातला, रामस्वरूप ढाका, मोहित चावला, नितांत सिहाग, विनोद भोभरिया सहित भाजपा कार्यकर्ता और खिलाड़ी उपस्थित रहे।

रंगों के त्योहार होली के अवसर पर विधायक ने क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।