राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर खाजूवाला में 32 हेड में विराट हिंदू सम्मेलन, हजारों की संख्या में मातृशक्ति व समाजजन रहे उपस्थित
खाजूवाला (दलीप नोखवाल)। राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर खाजूवाला के 32 हेड में विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ हनुमान मंदिर से मातृशक्ति द्वारा निकाली गई कलश यात्रा के साथ हुआ। इसके पश्चात पंडाल में सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया गया, जिसके बाद मुख्य कार्यक्रम प्रारंभ हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूजनीय मिथिलेश दीदी (उज्जैन) ने कहा कि सनातन संस्कृति और भारत माता को पुनः विश्व का नेतृत्व करने वाला राष्ट्र बनाने के लिए संतों के सानिध्य में संपूर्ण हिंदू समाज को एकजुट होना होगा। उन्होंने सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने पर बल दिया।

मुख्य वक्ता सवाई सिंह ने कहा कि भारत केवल भूमि का टुकड़ा नहीं, बल्कि हमारे लिए जीता-जागता राष्ट्र पुरुष है। जिन पूर्वजों ने धर्म की पुनर्स्थापना के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर किया, आज उनके आदर्शों पर चलना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि सभी मतभेदों को भुलाकर सामाजिक समरसता स्थापित करते हुए धर्म और समाज के लिए सदैव एक साथ खड़ा रहना ही समय की मांग है।
हिंदू सम्मेलन की अध्यक्षता पूर्णाराम नाथ ने की। कार्यक्रम का संचालन अभिषेक सिहाग ने किया। मंच पर जिला संघ चालक नरेंद्र भार्गव सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सम्मेलन में हजारों की संख्या में मातृशक्ति एवं हिंदू समाज की सज्जन शक्ति ने सहभागिता कर आयोजन को ऐतिहासिक बनाया।
