राष्ट्रीय बालिका दिवस पर खाजूवाला में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

जगदंबा पीजी कॉलेज में 70 से अधिक बालिकाओं को बताए गए कानूनी अधिकार, ‘बेटी के नाम’ पौधारोपण कर दिया गया जागरूकता का संदेश

खाजूवाला | दलीप नोखवाल

राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बीकानेर के निर्देशानुसार शुक्रवार को तालुका विधिक सेवा समिति, खाजूवाला द्वारा जगदंबा पीजी महाविद्यालय में राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर की अध्यक्षता अध्यक्ष, तालुका विधिक सेवा समिति, खाजूवाला सुश्री साक्षी भाम्भू ने की। कार्यक्रम में महाविद्यालय की 70 से 80 छात्राओं ने भाग लिया। इस दौरान बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, महिला सशक्तिकरण, आशा स्कीम के अंतर्गत 100 दिवसीय विशेष अभियान तथा राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित ‘न्याय आपके द्वार’ अभियान की विस्तृत जानकारी दी गई।

अध्यक्ष सुश्री साक्षी भाम्भू ने अपने संबोधन में कहा कि बालिकाएं यदि अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हों, तो वे न केवल स्वयं सशक्त बनती हैं बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने लोक उपयोगिता से जुड़ी समस्याओं के त्वरित एवं सुलभ समाधान में विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका पर भी प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के अंत में छात्राओं के साथ मिलकर महाविद्यालय परिसर में ‘बेटी के नाम’ पौधारोपण किया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ बालिका सम्मान का संदेश दिया गया।

शिविर के दौरान तालुका विधिक सेवा समिति की सचिव अधिवक्ता अरुणा गुलगुलिया एवं संस्था सचिव रतन सिंह कच्छावा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए शिक्षा, आत्मनिर्भरता एवं विधिक जागरूकता के महत्व पर विचार रखे।

इस अवसर पर जगदंबा पीजी महाविद्यालय की छात्रा वेदना शर्मा, पुत्री अजय कुमार शर्मा को एमजीएसयू बीकानेर स्तर पर एम.एससी. में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य गीतांजलि राठौड़, मीनाक्षी भोभरिया, धनाराम चौहान, भानुप्रताप कच्छावा सहित महाविद्यालय स्टाफ एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
मंच संचालन मलकीत सिंह ने किया।