खाजूवाला में आवारा सांडों का आतंक: वार्ड 7 में बड़ा हादसा टला, लोग दहशत में

Zeeupdate rajsthan News|Dalip nokhwal 

खाजूवाला। नगरपालिका क्षेत्र की माल कॉलोनी वार्ड नंबर 7 में आवारा पशुओं, खासकर सांडों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को दो सांडों के बीच हुई जोरदार लड़ाई के चलते एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। स्थानीय लोगों के अनुसार स्थिति इतनी भयावह हो गई कि आसपास मौजूद लोग अपनी जान बचाकर भागने को मजबूर हो गए।

  यह कोई एक दिन की घटना नहीं है, बल्कि वार्ड की गलियों में आए दिन सांड आपस में लड़ते रहते हैं और कई बार राहगीरों को अपनी चपेट में ले लेते हैं। इससे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। इस इलाके में गाड़ियां और मोटरसाइकिलें खड़ी रहती हैं, वहीं इसी मार्ग से स्कूली बच्चे, महिलाएं और बुजुर्गों का रोजाना आवागमन होता है। साथ ही यहां स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्र और पुलिस कॉलोनी स्थित होने के कारण खतरा और अधिक बढ़ गया है।वार्ड वासियों का कहना है कि शहर में 3-4 गौशालाएं होने के बावजूद भी गौवंश सड़कों पर खुलेआम घूम रहा है, लेकिन नगरपालिका इस गंभीर समस्या को लेकर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठा रही। वार्ड निवासी पुष्पेंद्र ,पंकज, ललित और रमेश कुमार ने इस संबंध में एसडीएम को सूचना देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि समय रहते आवारा पशुओं को पकड़कर गौशालाओं में भिजवाया जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।