खेतों व दुकानों में मजदूरी से सफर की शुरुआत, दो साल की कड़ी मेहनत और मां के हौसले ने दिलाई सफलता
Zeeupdate rajsthan News
खाजूवाला। संघर्ष, हौसला और मेहनत का शानदार उदाहरण पेश करते हुए खाजूवाला के युवा सुखदेव नायक ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में चयन प्राप्त कर क्षेत्र का नाम गर्व से ऊँचा कर दिया है। सुखदेव का चयन 15 जनवरी 2025 को हुआ, वहीं 15 नवंबर 2025 को उन्होंने प्रशिक्षण पूर्ण कर लिया। इस अवसर पर उनकी मां गंगादेवी को अपनी सर्विस केप पहनाई तो मां भावुक हो गई। जिसके बाद परिवार और गांव में खुशी का माहौल बन गया।
सुखदेव ने बताया कि उनका सफर बेहद संघर्षपूर्ण रहा। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उन्हें 2018 के बाद अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़नी पड़ी और खेतों तथा दुकानों पर मजदूरी करनी पड़ी। उस समय उन्हें उम्मीद नहीं थी कि कभी सरकारी सेवा में उनका चयन होगा। लेकिन वर्ष 2023 में उनकी मां ने उन्हें पढ़ाई और लक्ष्य प्राप्ति के लिए प्रेरित किया। इसके बाद दो साल की तैयारी और निरंतर मेहनत से उन्होंने सफलता हासिल की।

सुखदेव ने अपनी सफलता का पूरा श्रेय अपनी मां गंगादेवी और पूरे परिवार को दिया। साथ ही उन्होंने अपने बड़े भाईसमान दलीप नोखवाल, संवाददाता दैनिक भास्कर, खाजूवाला का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने 2017-18 में उन्हें अपने कार्यालय में अखबार वितरण कार्य का अवसर दिया तथा समय-समय पर मार्गदर्शन देते रहे।
सुखदेव ने कहा कि यदि परिवार का साथ, हौसला और मेहनत में निरंतरता हो तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।





