‘शहीदों के जीवन से लें प्रेरणा, करें देशसेवा’- भाकर

‘शहीदों के जीवन से लें प्रेरणा, करें देशसेवा’- भाकर

बीएसएफ जवानों ने मातमी धुन बजाकर दी ओमप्रकाश सैन को श्रद्धांजलि

दलीप नोखवाल/खाजूवाला, नगरपालिका मुख्यालय पर शनिवार को 125 वीं बटालियन सीमा सुरक्षा बल के एसआई ओमप्रकाश सैन की 7 वीं पुण्यतिथि पर शोक सभा आयोजित की गई। इस अवसर पर बीकानेर सेक्टर बीएसएफ डीआइजी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ ने ओमप्रकाश सैन के परिजनों को दूरभाष पर अपनी स्वेदना प्रकट की।
सैन को 114वीं वाहिनी सीसुब के कार्यवाहक कमांडेंट प्रताप भानु भाकर ने पुष्प चक्र चढ़ाकर तथा सीमा सुरक्षा बल 114वीं बटालियन के जवानों ने मातमी धुन बजाकर शहीद को सलामी दी।

नगरपालिका चेयरमैन अशोक फौजी ने बताया कि ओमप्रकाश सैन एक साधारण से परिवार में जन्मे और कम उम्र में ही देश की सेवा करते दुनिया से अलविदा कह गए। सीमा सुरक्षा बल की 114वीं बटालियन के कार्यवाहक कमांडेंट भाकर ने कहा कि भावीपीढ़ी को शहीदों के बताए त्याग, तपस्या, शौर्य व बलिदान के मार्ग पर चलकर देश के निर्माण में भागीदार बनना चाहिए और आज ओमप्रकाश सैन को मैं श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। इस अवसर पर ओमप्रकाश सैन की पुण्यतिथि पर ग्रामीणों व परिजनों ने तेलचीत्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि व्यक्त की। कार्यक्रम में नगरपालिका चेयरमैन अशोक कुमार, शीशपाल राजपुरोहित, एडवोकेट प्रहलाद तिवारी, ओमप्रकाश सैन के पिता बजरंग सैन, माता लक्ष्मी देवी सैन, रमेश सैन, प्रदीप भांभू, उस्मान गनी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।