खाजूवाला पहुंचने पर यूपीएससी टॉपर ट्विंकल अरोड़ा का भव्य स्वागत, युवाओं के लिए बनी प्रेरणा

खाजूवाला/बीकानेर।(दलीप नोखवाल)
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा-2025 में ऑल इंडिया 91वीं रैंक हासिल करने वाली छत्तरगढ़ निवासी ट्विंकल अरोड़ा के खाजूवाला पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। खाजूवाला के व्यापारी राकेश अरोड़ा के परिवार एवं अरोड़ा समाज के लोगों ने फूल-मालाओं और उत्साह के साथ उनका अभिनंदन कर इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया।

क्षेत्र का बढ़ाया मान

ट्विंकल अरोड़ा की इस सफलता से बीकानेर जिले सहित छत्तरगढ़ और खाजूवाला क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है। उनकी उपलब्धि से युवाओं में नई ऊर्जा और उत्साह देखने को मिल रहा है। क्षेत्र के लोगों ने उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि उनकी मेहनत और लगन आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा है।

मजबूत शैक्षणिक पृष्ठभूमि

ट्विंकल अरोड़ा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा महारानी किशोरी देवी कन्या स्कूल, बीकानेर से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के शहीद भगत सिंह कॉलेज से राजनीति विज्ञान विषय में स्नातक किया। पढ़ाई के साथ-साथ उन्हें कला में भी विशेष रुचि है, खासकर मधुबनी और मंडला पेंटिंग में।

पाँचवें प्रयास में हासिल की सफलता

ट्विंकल के लिए यह यूपीएससी का पाँचवाँ प्रयास था और पहली बार वे साक्षात्कार तक पहुँचीं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय निरंतर मेहनत, धैर्य और सकारात्मक सोच को दिया। उनका मानना है कि अपनी कमियों को पहचानकर उन पर काम करना और विषयों की गहराई से समझ विकसित करना ही सफलता की कुंजी है।

तैयारी की खास रणनीति

ट्विंकल ने अपनी तैयारी के दौरान करेंट अफेयर्स पर मजबूत पकड़ बनाए रखने, उत्तर लेखन में स्पष्टता और संरचना पर विशेष ध्यान दिया। साक्षात्कार में उन्होंने सीधे और संक्षिप्त तरीके से जवाब देकर पैनल पर सकारात्मक प्रभाव डाला। उनका मानना है कि यदि किसी प्रश्न का उत्तर न पता हो तो विनम्रता से स्वीकार करना बेहतर होता है।

युवाओं के लिए संदेश

ट्विंकल अरोड़ा ने युवाओं को संदेश दिया कि लक्ष्य तय कर लगातार मेहनत और अनुशासन के साथ तैयारी की जाए तो सफलता अवश्य मिलती है। उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के उन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन गई है जो सिविल सेवाओं में जाने का सपना देखते हैं।

गौरतलब है कि इसी परीक्षा में बीकानेर की अदिति अरोड़ा ने भी 351वीं रैंक हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया है।