खाजूवाला में इनामी महिला नशा तस्कर गिरफ्तार, NDPS केस दर्ज होने के बाद पंजाब में बदलती रही पहचान

NDPS केस दर्ज होने के बाद पंजाब में बदलती रही पहचान

Zeeupdate rajsthan News| Dalip nokhwal 

खाजूवाला (दलीप नोखवाल) बीकानेर जिले की खाजूवाला पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर और इनामी महिला नशा तस्कर को पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित था और वह खाजूवाला व रावला थाना क्षेत्रों में दर्ज नशा तस्करी के मामलों में लंबे समय से फरार चल रही थी।

NDPS केस दर्ज होते ही पंजाब भागी आरोपी

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी महिला सुखविंद्र कौर उर्फ परमजीत कौर उर्फ पम्मी के खिलाफ 10 अप्रैल 2024 को खाजूवाला थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद वह गिरफ्तारी से बचने के लिए राजस्थान छोड़कर पंजाब भाग गई। इसी दौरान रावला थाना क्षेत्र में भी वह चिट्टा सप्लायर के रूप में वांछित रही।

लुधियाना जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाई गई

खाजूवाला पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी महिला पंजाब के लुधियाना में जेल में बंद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने लुधियाना जेल से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त किया और महिला को बीकानेर लाया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस को दो दिन का रिमांड मंजूर किया गया है।

शादी बदलकर अलग-अलग जगहों पर रहती रही

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला गिरफ्तारी से बचने के लिए शातिर तरीका अपनाती रही। वह बार-बार शादी कर नाम और पहचान बदलते हुए अलग-अलग स्थानों पर निवास करती रही, जिससे पुलिस को उसकी तलाश में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

खाजूवाला और रावला में दर्ज हैं मामले

खाजूवाला थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार प्रजापत ने बताया कि आरोपी महिला खाजूवाला और रावला थानों में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामलों में वांछित थी। दोनों ही क्षेत्रों में वह नशे के सामान की सप्लाई से जुड़ी हुई थी।

पहले भी कई बार जा चुकी है जेल

आरोपी महिला का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से ही लंबा रहा है। उसके खिलाफ कुल 10 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें अधिकांश एनडीपीएस एक्ट के हैं। वर्ष 2017 में वह लाडोवाल थाना (पंजाब) के एनडीपीएस मामले में जेल जा चुकी है।
इसके बाद वर्ष 2019 में भैंस चोरी के मामले में जेल, उसी वर्ष सिंधवा बिठा थाना क्षेत्र में एनडीपीएस केस में जेल, वर्ष 2020 में पुनः एनडीपीएस एक्ट के तहत पंजाब जेल, तथा 2022 में लाडोवाल थाना और सदर जगरावा के एनडीपीएस मामलों में जेल जा चुकी है।
वर्तमान में भी वह सिंधवा बिठा थाना के एनडीपीएस मामले में लुधियाना जेल में बंद थी।

नशा सप्लाई नेटवर्क की जांच जारी

खाजूवाला पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान नशा सप्लाई नेटवर्क, संपर्क सूत्रों और अन्य संलिप्त व्यक्तियों के बारे में अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं। पुलिस को उम्मीद है कि इस कार्रवाई के बाद और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

ये रहे पुलिस टीम शामिल:
थानाधिकारी सुरेन्द्र कुमार,कांस्टेबल बेगाराम,कांस्टेबल ओमप्रकाश,कांस्टेबल गोपीराम,महिला कांस्टेबल सुश्री मनीषा आदि