Zeeupdate rajsthan News|Dalip nokhwal
मुख्यमंत्री के नाम उपखण्ड अधिकारी को सौंपा ज्ञापन, समस्याओं के समाधान की उठाई मांग
खाजूवाला। जिला कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग बीकानेर देहात की ओर से सोमवार को खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र में व्याप्त पेयजल संकट, चरमराई बिजली व्यवस्था, सिंचाई समस्याओं, भूमि आवंटन निरस्तीकरण, बढ़ती बेरोजगारी एवं क्षेत्र में फैलते नशे के विरोध में जाट धर्मशाला खाजूवाला में बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों ने जुलूस निकालकर उपखण्ड कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन जिला कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग बीकानेर देहात के जिलाध्यक्ष सत्तू खान पड़िहार एडवोकेट के नेतृत्व में सौंपा गया। ज्ञापन में मांग की गई कि खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र में पंचायत वाइज कार्ययोजना बनाकर पेयजल, बिजली, सिंचाई सहित ग्रामीण समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाए।
ज्ञापन में बताया गया कि क्षेत्र में पीने के पानी की भारी किल्लत बनी हुई है तथा पेयजल डिग्गियों की स्थिति अत्यंत खराब है। किसानों को पर्याप्त बिजली नहीं मिलने और बार-बार हो रही कटौती से आमजन व किसान दोनों परेशान हैं। किसानों के घरों एवं खेतों में जारी विद्युत कनेक्शनों के अनुसार बिजली लोड का आकलन कर आवश्यक विद्युत आधारभूत ढांचे के विकास की मांग भी रखी गई ताकि लोगों को वास्तविक लाभ मिल सके।
कांग्रेस नेताओं ने किसानों की सिंचाई डिग्गियों का लंबित भुगतान जारी करने, “स्माल पैच व मीडियम पैच आवंटन” खोलने तथा विशेष एवं भूमिहीन श्रेणी के किसानों के आवंटनों को धारा 22(3) की आड़ में निरस्त करने की कार्रवाई रोकने की मांग उठाई। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि गरीब एवं भूमिहीन किसानों के आवंटन निरस्त कर सोलर कंपनियों को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, जिस पर तत्काल रोक लगनी चाहिए।

इसके अलावा लंबे समय से बंद पड़ी नरेगा वीबी एंड जी रैम जी योजना को पुनः शुरू कर ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध करवाने तथा गांवों में बढ़ते नशे के कारोबार पर कठोर कार्रवाई करने की मांग भी की गई। ज्ञापन में युवाओं को नशे से बचाने के लिए विशेष अभियान चलाने की आवश्यकता बताई गई।
इस दौरान देहात जिला कांग्रेस अध्यक्ष बिसानाराम सियाग, शहर कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व बीकानेर लोकसभा कांग्रेस प्रत्याशी मदन गोपाल मेघवाल, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष शांति बैनीवाल, प्रदेश कांग्रेस कमेटी एससी विभाग सदस्य प्रीति मेघवाल, उरमूल डेयरी अध्यक्ष नोपाराम जाखड़, पूर्व सरपंच मदन गोदारा, पूर्व कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रविन्द्र कसवा, पूर्व सरपंच सदाम हुसैन, यूथ कांग्रेस नेता मोहम्मद शाबीर, एडवोकेट सलीम खान, करण पुनिया, याकूब अली ब्लोच सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
ज्ञापन के माध्यम से चेतावनी दी गई कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्र की जनता एवं किसान व्यापक जनआंदोलन करने को बाध्य होंगे।
