Zeeupdate rajsthan News| Dalip nokhwal
खाजूवाला। सीमावर्ती क्षेत्र खाजूवाला में बढ़ रही तस्करी गतिविधियों और कानून व्यवस्था को लेकर बीकानेर जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा शनिवार देर रात बॉर्डर क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अंतरराष्ट्रीय सीमा के समीप रात्रि विश्राम करते हुए बीएसएफ अधिकारियों के साथ बैठक कर सीमा पार से हो रही हेरोइन तस्करी और अवैध गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की।

दौरे के दौरान एसपी कच्छावा ने खाजूवाला एवं छतरगढ़ पुलिस थानों का निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कंप्यूटर कक्ष, मालखाना, महिला डेस्क और एचएम कार्यालय का निरीक्षण करते हुए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही आमजन से बेहतर संवाद बनाए रखने और पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
हाल ही में 14 किलो हेरोइन बरामदगी मामले में गिरफ्तार आरोपी खेताराम से भी एसपी ने पूछताछ कर जांच की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने जांच अधिकारियों को तस्करी नेटवर्क से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच करने तथा इस मामले में शामिल अन्य लोगों तक जल्द पहुंचने के निर्देश दिए।
एसपी कच्छावा ने बॉर्डर क्षेत्र में सक्रिय तस्करों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश देते हुए पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की अपराध गतिविधियों की समीक्षा भी की। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एसपी कच्छावा ने बताया कि सीमावर्ती पुलिस थानों में नफरी बढ़ाने की प्रक्रिया जारी है। इसके अलावा बॉर्डर क्षेत्र में लंबे समय से बंद पड़ी पुलिस चौकियों को भी पुनः शुरू करने की तैयारी की जा रही है, ताकि सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
दौरे के दौरान सीओ अमरजीत चावला, खाजूवाला थानाधिकारी सुरेंद्र कुमार प्रजापत सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
