“भंवरलाल जांगिड़ का संगठनात्मक अनुभव बेहद प्रभावशाली” – जगविंद्र सिंह सिद्धू
खाजूवाला (दलीप नोखवाल)। भाजपा नेता भंवरलाल जांगिड़ को भाजपा ओबीसी मोर्चा का प्रदेश महामंत्री मनोनीत किए जाने पर खाजूवाला सहित बीकानेर देहात क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। इस अवसर पर खाजूवाला में भाजपा किसान मोर्चा के जिला महामंत्री जगविंद्र सिंह सिद्धू के नेतृत्व में भाजपा एवं किसान मोर्चा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर मिठाइयां बांटी और पार्टी के समर्थन में जमकर नारेबाजी की।

कार्यक्रम के दौरान किसान मोर्चा जिला महामंत्री जगविंद्र सिंह सिद्धू ने कहा कि भंवरलाल जांगिड़ का संगठनात्मक अनुभव बेहद प्रभावशाली रहा है। उन्होंने पूर्व में भाजपा ओबीसी मोर्चा बीकानेर देहात के जिलाध्यक्ष के रूप में उल्लेखनीय कार्य किया तथा हाल ही में किसान मोर्चा बीकानेर देहात के जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी सफलतापूर्वक निभाई। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा उन्हें प्रदेश महामंत्री जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपना संगठन के प्रति उनकी कर्मठता और समर्पण का सम्मान है।
सिद्धू ने कहा कि जांगिड़ की नियुक्ति से पूरे क्षेत्र के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है तथा यह बीकानेर देहात के लिए गौरव की बात है। सभी कार्यकर्ताओं ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

इस दौरान भाजपा मंडल उपाध्यक्ष ओमप्रकाश पारीक, अनूप सिंह सिद्धू, पूर्व युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष डॉ. जगसीर सिंह संधू, ओबीसी मंडल अध्यक्ष रणजीत मजोका, नगरपालिका वाइस चेयरमैन प्रतिनिधि शीशपाल राजपुरोहित, ब्राह्मण समाज अध्यक्ष राजेंद्र जाजड़ा, भाजपा युवा नेता सुमेर सिंह सोडा, लख्मीचंद राखेचा, भजनलाल जलंधरा, विजय कोठारी, रामपाल सिंह, राजेश सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा एवं किसान मोर्चा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
