अर्जुन राम मेघवाल बोले- गांवों तक पहुंच रही स्वास्थ्य, बिजली और पेयजल सुविधाएं
Zeeupdate rajsthan News| Dalip nokhwal
बीकानेर/खाजूवाला। केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल ने शनिवार को खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत डेली तलाई में नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) भवन तथा शिवनगर में 33/11 केवी विद्युत ग्रिड सब स्टेशन (जीएसएस) का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल और राजस्थान विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत सरोवर में पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने बताया कि डेली तलाई में 1.43 करोड़ रुपए की लागत से पीएचसी भवन का निर्माण किया गया है, जबकि शिवनगर में नए जीएसएस से क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि आरडीएसएस योजना के तहत ढाणियों तक बिजली पहुंचाने का कार्य जारी है तथा विभिन्न स्थानों पर नए जीएसएस स्थापित किए जा रहे हैं। जल जीवन मिशन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए भी व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं।

अर्जुन राम मेघवाल ने जल संरक्षण को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। वहीं रामगोपाल सुथार ने जल बचाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने कहा कि क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और बिजली से जुड़े विकास कार्य लगातार आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से खाजूवाला विधानसभा में विकास को नई गति मिली है।

कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
