म्यूल हंटर अभियान में खाजूवाला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, साइबर ठगी गैंग का सदस्य गिरफ्तार

सोनूराम गिरफ्तार, गैंग से जुड़े खातों और दस्तावेजों की जांच तेज; भारी मात्रा में बैंकिंग सामग्री जब्त।

Zeeupdate rajsthan News| Dalip nokhwal 

खाजूवाला। पुलिस मुख्यालय जयपुर द्वारा चलाए जा रहे “म्यूल हंटर” अभियान के तहत खाजूवाला पुलिस ने साइबर ठगी से जुड़े नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंग के सदस्य सोनूराम मेघवाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी सुनील कुमार बिश्नोई से पूछताछ के दौरान महत्वपूर्ण सुराग जुटाए हैं तथा साइबर ठगी में प्रयुक्त बैंकिंग दस्तावेज और अन्य सामग्री बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनवारी लाल मीणा एवं वृत्ताधिकारी खाजूवाला अमरजीत चावला के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई।

थानाधिकारी सुरेन्द्र प्रजापत ने बताया कि 24 मई को चक 14 बीडी निवासी मुकेश कुमार की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया था। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि आरोपी सुनील कुमार बिश्नोई और उसकी गैंग भोले-भाले ग्रामीणों के बैंक खाते किराये पर लेकर उनमें साइबर अपराध से प्राप्त राशि का लेन-देन कर रही थी।

मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सुनील कुमार बिश्नोई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने सैकड़ों लोगों के बैंक खाते, चेक बुक, एटीएम कार्ड और मोबाइल फोन का उपयोग कर करोड़ों रुपये के साइबर अपराध से जुड़े लेन-देन किए जाने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले करीब तीन वर्षों से इस गतिविधि में संलिप्त था और नेटवर्क में स्थानीय तथा बाहरी लोगों के शामिल होने की संभावना है।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 15 बैंक चेक बुक, 11 बैंक पासबुक, 19 एटीएम कार्ड, विभिन्न कंपनियों के 7 सिम कार्ड, दो स्टाम्प मोहर तथा साइबर ठगी की राशि के लेन-देन से संबंधित रिकॉर्ड जब्त किया है।

अनुसंधान के दौरान गैंग के दूसरे सदस्य सोनूराम पुत्र ख्यालीराम मेघवाल (20) निवासी 4 केवाईडी, खाजूवाला को भी गिरफ्तार किया गया है। उससे पूछताछ जारी है तथा पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम

  • सुरेन्द्र प्रजापत, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी, खाजूवाला
  • धारा सिंह, हैड कांस्टेबल
  • रामस्वरूप, कांस्टेबल
  • गोपीराम, कांस्टेबल

पुलिस का कहना है कि साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास लगातार जारी हैं।