खाजूवाला का सुनील बिश्नोई गिरफ्तार, तीन साल से चला रहा था ‘म्यूल अकाउंट’ नेटवर्क

खाते किराये पर लेकर करोड़ों की साइबर ठगी का खेल, खाजूवाला पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Zeeupdate rajsthan News| Dalip nokhwal

खाजूवाला। पुलिस मुख्यालय जयपुर के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन म्यूल हंटर के तहत खाजूवाला पुलिस ने साइबर अपराध के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए चक 08 केएलडी कुंडल निवासी सुनील बिश्नोई को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर ग्रामीणों को लालच देकर उनके बैंक खाते, एटीएम कार्ड, चेक बुक और मोबाइल हासिल कर साइबर ठगी की रकम का लेनदेन कराने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार 24 मई को चक 14 बीडी निवासी मुकेश कुमार ने थाना खाजूवाला में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि सुनील बिश्नोई और उसके साथियों ने भोले-भाले लोगों के बैंक खाते किराये पर लेकर उनका उपयोग साइबर अपराध से प्राप्त धनराशि के लेनदेन में किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारी लाल मीणा और वृताधिकारी अमरजीत चावला के सुपरविजन में विशेष टीम गठित की गई। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रविवार को आरोपी सुनील बिश्नोई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह पिछले करीब तीन वर्षों से इस नेटवर्क का संचालन कर रहा था। उसने सैकड़ों लोगों के बैंक खातों का उपयोग कर करोड़ों रुपये के लेनदेन और साइबर अपराधों में संलिप्त होने की बात स्वीकार की है। पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह से स्थानीय के साथ-साथ अन्य राज्यों के लोग भी जुड़े हो सकते हैं।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने परिवादी के तीन बैंक खाते लालच देकर अपने कब्जे में लिए थे, जिनमें करीब दो लाख रुपये की साइबर ठगी की राशि का लेनदेन हुआ। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों, बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की विस्तृत जांच कर रही है।

पांच दिन के रिमांड पर आरोपी, नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। साइबर ठगी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी गई है।